सारण :- पानापुर थाना क्षेत्र के रसौली पश्चिम टोला के एक युवक की असम में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई जबकि उसके माता पिता गंभीर रूप से घायल बताए जाते है।
मिली जानकारी के अनुसार रसौली पश्चिम टोला निवासी 30 वर्षीय हेमंत कुमार सिंह उर्फ भोला अपने पिता सुरेंद्र सिंह एवं मां के साथ अपने निजी चारपहिया वाहन से होली में घर आया था। मृतक के चाचा गोपाल सिंह ने बताया कि होली के बाद सोमवार को वह अपने माता पिता के साथ वापस गुवाहाटी जा रहा था कि मंगलवार की अहले सुबह गुवाहाटी से 30 किलोमीटर पहले उसके गाड़ी की एक ट्रक से टक्कर हो गई।
इस घटना में गाड़ी चला रहे हेमंत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके माता पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हेमंत के मौत की खबर जैसे ही उसके पैतृक गांव रसौली पहुँची तो परिजनों में चीत्कार मच गया।
हेमंत की वर्ष 2021 में शादी हुई थी। उसके एक पुत्र एवं एक पुत्री है। मृतक की पत्नी एवं पुत्र पुत्री होली में घर नही आए थे जिससे उनकी जान बच गई। हेमंत की मौत पर पूर्व मुखिया कल्पनाथ सिंह, भाजपा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष अखिलेश सिंह, शिक्षक नेता जीतेन्द्र कुमार सिंह, सुधीर कुमार सिंह आदि ने शोक व्यक्त किया है।