Samastipur News : समस्तीपुर में अपराधियों का तांडव लगातार जारी है। जिले में आए दिन लोगों की जान जा रही है। ताजा मामला जिले के नगर थाना क्षेत्र के मगरदही की है, जहां में शुक्रवार शाम ननिहाल गए एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी गयी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक युवक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर बुलेचक गांव निवासी अशोक राय के बेटे आयुष कुमार के रूप में की गई है। वह इंटर का छात्र था और ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था। वहीं मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
जमीनी विवाद के कारण हुई हत्या :
इस संबंध में मृतक के पिता जितवारपुर बुलेचक गांव निवासी अशोक राय ने बताया कि वह पेंटर का काम करते हैं। मगरदही में उनका ससुराल है, उनका बेटा आयुष कुमार (18 वर्ष) अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था। उनके ससुराल वालों का पड़ोसी से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी वजह से आयुष की गोली मारकर हत्या की गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक आयुष बाइक से घर का सामान लाने के लिए माधुरी चौक की ओर जा रहा था। इस दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उसका पीछा कर केंद्रीय विद्यालय के पास उसे गोली मार दी और फरार हो गए। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने जख्मी अवस्था में उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि गोली उसके सीने में लगी है। इस घटना की सूचना पर नगर और मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।
जल्द होगी बदमाशों की गिरफ्तारी – एएसपी
इस मामले में एएसपी संजय पांडेय ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या हुई है। इस घटना की सूचना पर नगर पुलिस पदाधिकारी को मौके पर भेजा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस घटना में जो भी संलिप्त होंगे, उन्हें जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।